नालंदा में योग की गूंज, कोर्ट कैंपस से सुभाष पार्क तक उमड़ा जनसैलाब

 अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को नालंदा जिला पूरी तरह योगमय नजर आया। जिले में जगह-जगह योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर योगाभ्यास किया।

बिहारशरीफ व्यवहार न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) की ओर से भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सहित कई न्यायिक पदाधिकारी, न्यायालय कर्मी और कर्मचारी शामिल हुए।

सुबह 6:30 बजे से 7:30 बजे तक चले इस कार्यक्रम में प्रशिक्षित योगाचार्यों ने लोगों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। अधिकारियों ने कहा कि योग स्वस्थ शरीर और शांत मन के लिए बेहद जरूरी है।

वहीं बिहारशरीफ के ऐतिहासिक सुभाष पार्क में भी योग महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने भाग लिया। लोगों ने सामूहिक रूप से योग कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को नियमित योग करने और इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।