धनबाद में कलेक्शन एजेंट की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम

धनबाद गोनूडीह ओपी क्षेत्र के खरीकाबाद आटा चक्की के समीप बाइक सवार अपराधियों ने एक कलेक्शन एजेंट की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान उमेश यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उमेश यादव कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करता था और रोज की तरह कलेक्शन के लिए निकला था। इसी दौरान अपराधियों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही धनबाद डीएसपी प्रकाश सोय, ग्रामीण एसपी एस. याकूब सहित आधा दर्जन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

ग्रामीण एसपी एस. याकूब ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद आटा मिल मालिक रतन अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उमेश यादव उनके यहां कलेक्शन एजेंट के तौर पर काम करता था और घटना के दिन भी वह कलेक्शन के लिए निकला था।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों और अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।