नौबतपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को बिहटा-सरमेरा एनएच-131G पर सड़क हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा चेचौल गांव के पास हुआ, जहां बाइक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर गया। दुर्घटना में बाइक और कार दोनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायल को इलाज के लिए नौबतपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया।
घायल की पहचान नौबतपुर थाना क्षेत्र के बादीपुर निवासी और प्रखंड कर्मी के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
