बिहटा में नवनिर्मित मकान से लापता युवक का शव बरामद,

बिहटा थाना क्षेत्र के सदीसोपुर गांव में नवनिर्मित मकान से एक युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवक की पहचान गोनवा गांव निवासी पप्पू अंसारी के 25 वर्षीय पुत्र मोहम्मद चांद के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि मोहम्मद चांद शनिवार रात से लापता था। रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सदीसोपुर गांव के एक नवनिर्मित मकान में युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया है, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें।

मृतक के पिता पप्पू अंसारी ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को उसके दोस्तों ने बुलाया था और उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि शनिवार रात मोहम्मद चांद बाइक से घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला और उसका मोबाइल फोन भी बंद था।

सुबह पुलिस द्वारा शव मिलने की जानकारी परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है