मोहर्रम पर्व को लेकर सुदामडीह थाना में शांति समिति की बैठक

झरिया आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार शाम सुदामडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी आकृष्ट अमन ने की, जबकि संचालन समाजसेवी मौसम महंती ने किया।

बैठक में विभिन्न अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान मोहर्रम जुलूस, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

थाना प्रभारी आकृष्ट अमन ने कहा कि मोहर्रम आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक सद्भाव का पर्व है। सभी लोगों को सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए त्योहार मनाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, सामाजिक माहौल बिगाड़ने या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।

उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया और मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया।