श्रावणी मेला में सुल्तानगंज स्टेशन पर राजधानी छोड़ सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का होगा ठहराव

भागलपुर आगामी श्रावणी मेला को लेकर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मालदा मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने गुरुवार को सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पहुंचकर मेले की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीआरएम ने अपने विशेष सैलून से सुल्तानगंज पहुंचकर रेलवे स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं और कांवड़ियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, विश्राम स्थल, पेयजल, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान राजधानी एक्सप्रेस को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का सुल्तानगंज स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रेनों के रुकने की समयावधि भी बढ़ाई जाएगी, ताकि यात्रियों को चढ़ने और उतरने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने रेल विभाग के सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि 15 जुलाई तक श्रावणी मेला से जुड़ी सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। डीआरएम ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचते हैं, ऐसे में बेहतर यात्री सुविधाएं और सुगम रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।