पश्चिम चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत चौतरवा थाना क्षेत्र के कोल्हुआ चौतरवा गांव में शादी के महज ढाई माह बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार सुबह उसका शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही चौतरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और फोटोग्राफी भी की।
मृतका की पहचान 18 वर्षीय सुनीता देवी के रूप में हुई है। उसकी शादी 21 अप्रैल 2026 को कोल्हुआ चौतरवा निवासी दीपू के साथ हुई थी। शादी के करीब ढाई माह बाद हुई इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
