भारी बारिश के बीच हरिद्वार पुलिस बनी सहारा सुरक्षित मार्ग से लोगों को पहुंचाया गंतव्य तक

उत्तराखंड के हरिद्वार में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच हरिद्वार पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और शहर के विभिन्न इलाकों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार मुस्तैद दिखाई दिया।

हरिद्वार पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें और सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें। जिन सड़कों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, वहां वाहनों की आवाजाही रोककर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या परेशानी से बचा जा सके।

भगत सिंह चौक सहित शहर के कई प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मी तेज बारिश में भी ड्यूटी करते हुए लोगों को सुरक्षित रास्ता दिखाते और यातायात को नियंत्रित करते नजर आए। वहीं जिला प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय रहा। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक नगर ने जलभराव वाले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन पर तत्काल संपर्क करें।