JLKM के अल्पसंख्यक अधिकार सह मिलन समारोह में पहुंचे जयराम महतो

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से जैनामोड़ में अल्पसंख्यक अधिकार सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के अध्यक्ष एवं डुमरी विधायक जयराम महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पार्टी की संगठनात्मक रणनीति और आगामी पंचायत चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण बातें कहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयराम महतो ने कहा कि राज्य में बेहतर और सकारात्मक राजनीति तभी संभव है, जब सभी समाज और सभी वर्गों को साथ लेकर चला जाए। उन्होंने कहा कि किसी एक वर्ग के सहारे मजबूत राजनीतिक व्यवस्था नहीं बनाई जा सकती, इसलिए उनकी पार्टी सभी समुदायों को समान भागीदारी देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि इसी सोच के तहत पार्टी ने अल्पसंख्यक मोर्चा के साथ-साथ स्वर्ण मोर्चा का भी गठन किया है, ताकि समाज के सभी वर्गों को संगठन में प्रतिनिधित्व मिल सके और उनकी आवाज को मंच प्राप्त हो।

जयराम महतो ने आगामी पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि दिसंबर महीने से पार्टी पूरी तरह पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुट जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत चुनाव में केंद्रीय नेतृत्व की सीधी भूमिका नहीं होगी। प्रखंड और जिला स्तर के पदाधिकारी स्थानीय स्तर पर उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति की जिम्मेदारी निभाएंगे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सभी समाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।