फेसबुक पर देशी कट्टे की फोटो पोस्ट करना पड़ा भारी, मोतिहारी में युवक गिरफ्तार

मोतिहारी, पूर्वी चंपारण बिहार सोशल मीडिया पर देशी कट्टे की तस्वीर पोस्ट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। पूर्वी चंपारण के फेनहारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके घर से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, युवक द्वारा फेसबुक पर देशी कट्टे की तस्वीर पोस्ट किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पकड़ीदयाल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने फेनहारा थाना क्षेत्र के मधुरापुर गांव स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी जलेश्वर सहनी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान बिस्तर के तकिए के नीचे छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

गिरफ्तार युवक की पहचान फेनहारा थाना क्षेत्र के मधुरापुर गांव निवासी जलेश्वर सहनी के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है तथा मामले में फेनहारा थाना कांड संख्या 159/26 दर्ज किया गया है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाया गया था और उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।