पहली मानसूनी बारिश में डूबा बगहा, जलजमाव ने नगर परिषद के दावों की खोली पोल

 लगातार पांच दिनों से हो रही मानसूनी बारिश ने बगहा नगर परिषद की तैयारियों की पोल खोल दी है। शहर के वार्ड संख्या 1 से लेकर वार्ड 35 तक जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़कों, गलियों और मोहल्लों में व्यापक जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पहली ही तेज बारिश में नगर परिषद के मानसून पूर्व तैयारियों के दावे सवालों के घेरे में आ गए हैं।

नगर परिषद ने मानसून से पहले जल निकासी के लिए मास्टर प्लान और विशेष तैयारियों का दावा किया था, लेकिन लगातार हो रही बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। जगह-जगह सड़कों पर पानी भर जाने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे गंभीर स्थिति रतनमाला स्थित एनएच-727 के आसपास देखने को मिली, जहां जदयू के वरिष्ठ नेता विजय पांडेय के आवास के सामने करीब दो फीट तक पानी जमा हो गया। मुख्य सड़क पर जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नागरिकों ने नगर परिषद से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और प्रभावित क्षेत्रों से पानी निकालने की मांग की है।

लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय पर नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया गया होता तो ऐसी स्थिति नहीं बनती।