थल थाना पुलिस ने थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट के नेतृत्व में क्षेत्र के विद्यालयों में साइबर सुरक्षा एवं जनजागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान मल्लिकार्जुन विद्या पीठ थल गोल और राजकीय जूनियर हाईस्कूल पतेत में विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और साइबर अपराधियों के नए तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्रों को सलाह दी गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
पुलिस टीम ने छात्रों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, GRM/MRM पोर्टल तथा साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी, ताकि किसी भी ऑनलाइन ठगी की स्थिति में समय रहते शिकायत दर्ज कराई जा सके।
इसके अलावा विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट ने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार व समाज को भी जागरूक करें।
