मधुबनी जिले के रुद्रपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संभावित आपराधिक साजिश को समय रहते विफल कर दिया। पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई बीती रात करीब 12:50 बजे रुद्रपुर थाना क्षेत्र के जलसेन गांव के समीप की गई। रुद्रपुर थानाध्यक्ष मंजूला मिश्रा को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक किसी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही गश्ती दल को मौके पर भेजा गया।
पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध भागने लगे। घेराबंदी कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध हथियार बरामद किए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किस वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे तथा उनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
