मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड अंतर्गत बासोपट्टी पूर्वी पंचायत सरकार भवन में पंचायत कर्मियों के सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मियों और जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया मदन पासवान ने की। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अनिल कुमार, उपमुखिया अनीता देवी, बीसी जय शंकर कुमार सहित पंचायत के सभी कर्मियों को मिथिला की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप पाग, दोपट्टा और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने पंचायत कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने पंचायत के विकास, जनहित की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके समर्पण और सेवाभाव की प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह के दौरान पंचायत के विकास कार्यों में सभी कर्मियों के योगदान को याद किया गया और उनके बेहतर कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
