पूर्वी चंपारण की बेटी जया प्रकाश ने NEET-UG 2026 में 635 अंक हासिल कर जिले में टॉप करते हुए अपने परिवार और पूरे चंपारण का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है और क्षेत्र के लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।
जया प्रकाश ने बताया कि पहले प्रयास में उन्हें सफलता नहीं मिली थी। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के साथ उन्होंने NEET की तैयारी की थी, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं आया। इसके बाद उन्होंने एक वर्ष तक पूरी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी की। उन्होंने बताया कि मोतिहारी में आकाश इंस्टीट्यूट खुलने के बाद वहां नियमित अध्ययन और मार्गदर्शन से उन्हें सफलता मिली।
जया प्रकाश की सफलता की एक और खास बात यह है कि उनकी बड़ी बहन भी MBBS के द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं। ऐसे में परिवार में शिक्षा का माहौल लगातार मजबूत हो रहा है।
सफल छात्रा की मां प्रियदर्शिनी प्रकाश ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उनका परिवार व्यवसाय से जुड़ा है, लेकिन बच्चों की शिक्षा को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि बेटियों की मेहनत और लगन ने पूरे परिवार को गर्व का अवसर दिया है।
जया प्रकाश की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि निरंतर प्रयास, सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास के बल पर कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।
