31 जुलाई तक करें आवेदन, अक्टूबर में होगा झारखंड राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का 7वां संस्करण

 झारखंड की कला, संस्कृति और क्षेत्रीय सिनेमा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाला झारखंड राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (JNFF) इस वर्ष अपने 7वें संस्करण के साथ आगामी अक्टूबर में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का आयोजन अस्मा इंडिया चैरिटेबल ट्रस्ट एवं मित्रा प्रोडक्शन के संयुक्त तत्वावधान में होगा।

जमशेदपुर स्थित अस्मा इंडिया कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्थापक संजय सत्पथी, राजू मित्रा और महोत्सव की निदेशक डॉ. शालिनी प्रसाद ने बताया कि फिल्म महोत्सव में झारखंड की स्थानीय और भाषाई फिल्मों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। राज्य के क्षेत्रीय फिल्म निर्माताओं के लिए प्रविष्टि पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है, ताकि अधिक से अधिक स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिल सके।

आयोजकों ने बताया कि फिल्म महोत्सव में भाग लेने के इच्छुक फिल्मकार 31 जुलाई तक अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं। इस बार भी देशभर की विभिन्न भाषाओं की फिल्मों के साथ-साथ झारखंडी सिनेमा की उत्कृष्ट कृतियों का प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि महोत्सव में बॉलीवुड और झॉलीवुड के कई प्रसिद्ध कलाकारों, फिल्मकारों और सिने जगत से जुड़े विशेषज्ञों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान फिल्म प्रदर्शन, सम्मान समारोह, संवाद सत्र और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।

आयोजकों का कहना है कि झारखंड राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का उद्देश्य राज्य की उभरती प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना तथा क्षेत्रीय सिनेमा को नई पहचान दिलाना है।