बिहार के नालंदा जिले के अस्थावां नगर पंचायत स्थित राजकुमार संत बल्लभाचार्य +2 विद्यालय को मॉडल हाईस्कूल के रूप में विकसित कर रविवार को सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल हाईस्कूल का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन ऑनलाइन माध्यम से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया, जबकि स्थानीय स्तर पर जदयू विधायक डॉ. जितेन्द्र कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर विद्यालय का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. जितेन्द्र कुमार ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि गांव के बच्चे भी बड़े सपने देख सकें और उन्हें साकार कर सकें।
उन्होंने कहा कि मॉडल हाईस्कूल बनने से छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था का लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, विद्यालय के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही। सभी ने विद्यालय के उन्नयन को क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
