नौबतपुर के राजकीय त्रिभुवन स्कूल के मॉडल स्कूल बनने पर सम्मान समारोह आयोजित

 राजधानी पटना से सटे नौबतपुर प्रखंड स्थित राजकीय त्रिभुवन स्कूल को मॉडल स्कूल का दर्जा मिलने पर विद्यालय परिसर में सम्मान एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व शिक्षक, शिक्षा विशेषज्ञ और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग शामिल हुए।

समारोह में पूर्व शिक्षक मुरारी शर्मा, पूर्व खेल शिक्षक एवं पूर्व जिला खेल पदाधिकारी चन्द्रिका रामा, पूर्व प्राचार्य सुरेन्द्र कुमार, रामलखन सिंह यादव महाविद्यालय, बख्तियारपुर के गणित विभागाध्यक्ष नारायण प्रसाद, पूर्व प्राचार्य तरुलता कुमारी, जिला प्रतिनिधि गोपाल प्रसाद सहित कई शिक्षाविदों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन समीर कुमार ने किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने मॉडल स्कूल बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। उन्होंने विद्यालय के विकास में शिक्षकों, विद्यार्थियों और समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया तथा शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने पर बल दिया।

कार्यक्रम में राजीव कुमार शर्मा, विनोद कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया गया। अंत में विद्यालय के प्राचार्य परवीन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में आधुनिक बदलाव और गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति के माध्यम से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है। मॉडल स्कूल बनने से क्षेत्र में शिक्षा के नए आयाम स्थापित होंगे और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।