शिक्षा मंत्री के खिलाफ स्वराज सेवा दल का प्रदर्शन, रुड़की में फूंका पुतला

 उत्तराखंड के रुड़की स्थित चंद्रशेखर चौक पर रविवार को स्वराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रताप के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।

स्वराज सेवा दल के नेता इंतजार प्रधान ने कहा कि अभिभावक कर्ज लेकर या अपनी संपत्ति बेचकर बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाते हैं, लेकिन बार-बार होने वाली कथित पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से युवाओं और अभिभावकों में गहरा आक्रोश है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे इस मुद्दे को लेकर पहले भी देहरादून और दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं तथा सोमवार को एक बार फिर दिल्ली जाकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए चंद्रशेखर चौक पर माहौल गर्म रहा। हालांकि, कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।