जन निर्माण पार्टी का कार्यकारिणी विस्तार, कई दलों के नेताओं ने थामा पार्टी का दामन

 रविवार को एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में जन निर्माण पार्टी ने अपनी कार्यकारिणी का विस्तार किया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होने वाले कई नेताओं ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव जन निर्माण पार्टी के टिकट पर लड़ने की इच्छा भी जताई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने कहा कि जन निर्माण पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और बड़ी संख्या में लोग पार्टी की विचारधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की लड़ाई भ्रष्टाचार के खिलाफ है और उन जनप्रतिनिधियों के खिलाफ है जो जनता से वोट लेने के बाद क्षेत्र के विकास के लिए कार्य नहीं करते।

सोनिया शर्मा ने बताया कि पार्टी जल्द ही बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेगी और सभी पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यक्रम में खानपुर विधायक उमेश कुमार ने भी विभिन्न दलों को छोड़कर जन निर्माण पार्टी में शामिल हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार विस्तार कर रही है और नए साथियों के जुड़ने से संगठन को और मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा की गई।