निरसा धनबाद लगातार हो रही बारिश के कारण कुमारधुबी की झिलिया नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से झिलिया पुल निर्माण स्थल के पास बनाया गया अस्थायी डायवर्सन तेज बहाव की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार सुबह से ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई लोगों को मजबूरी में लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ा, जिससे समय और अतिरिक्त खर्च दोनों बढ़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने प्रशासन और पुल निर्माण एजेंसी के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि बरसात को देखते हुए मजबूत वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए थी। उनका आरोप है कि अस्थायी डायवर्सन की गुणवत्ता और सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द डायवर्सन की मरम्मत कर आवागमन बहाल करने और पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और लोगों से नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्र से दूर रहने की अपील की गई है।
