उत्तर प्रदेश गोंडा जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। थाना क्षेत्र के सुसंगवा हेमाजोत निवासी विनय कुमार ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) और जिलाधिकारी (डीएम) को शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया है कि स्थानीय पुलिसकर्मियों ने उनकी मूल तहरीर बदलवा दी और विरोधी पक्ष के पक्ष में कार्रवाई करते हुए उन्हें ही आरोपी बना दिया।
पीड़ित विनय कुमार का कहना है कि 11 जुलाई को उनके साथ मारपीट की घटना हुई थी। इसकी शिकायत लेकर वह खरगूपुर थाने पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि थाने में तैनात हल्का दारोगा राम बहादुर यादव और सिपाही पंकज ने उनकी तहरीर बदलवा दी। इसके बाद उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद विरोधी पक्ष ने उनके घर पर कब्जा कर लिया, जिसके चलते वह और उनके पिता बेघर हो गए हैं। उनका दावा है कि वर्तमान में दोनों मंदिर के पास रहने को मजबूर हैं और उन्हें लगातार धमकियां भी मिल रही हैं।
विनय कुमार ने एसपी और डीएम से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो उनके परिवार की सुरक्षा पर भी खतरा बना रहेगा।
हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
