जमशेदपुर भारतीय डाक विभाग द्वारा आयोजित रक्षाबंधन राखी मेकिंग प्रतियोगिता को लेकर शुक्रवार को वैली व्यू इंग्लिश स्कूल, टेल्को की प्रिंसिपल श्रीमति मिक्की सिन्हा से मुलाकात की गई। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों की प्रतियोगिता में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।
प्रिंसिपल मिक्की सिन्हा ने इस पहल का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और रक्षाबंधन के पारंपरिक मूल्यों से भी जोड़ती हैं।
उन्होंने जमशेदपुर की सभी बहनों से भी भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि वे ऑनलाइन या बाजार से खरीदी गई राखियों के बजाय अपने हाथों से बनी हैंडमेड राखियां अपने भाइयों की कलाई पर बांधें। उनके अनुसार, स्वयं निर्मित राखी में स्नेह, अपनापन और भावनात्मक जुड़ाव अधिक होता है।
प्रिंसिपल ने यह भी संदेश दिया कि जिन बहनों के भाई नहीं हैं, वे अपने हाथों से बनाई गई राखियां देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों को भेजें। इससे सैनिकों को भी परिवार जैसा स्नेह और देशवासियों का प्रेम महसूस होगा तथा रक्षाबंधन का पर्व और अधिक सार्थक बनेगा।
भारतीय डाक विभाग की इस पहल को विद्यालय प्रबंधन ने सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
