जमशेदपुर आगामी रक्षाबंधन प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर दयानंद पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना रेहाल से मुलाकात की गई। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों की प्रतियोगिता में सहभागिता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया, जिसका उन्होंने स्वागत करते हुए भारतीय डाक विभाग की इस पहल की सराहना की।
प्रधानाचार्या अर्चना रेहाल ने कहा कि भारतीय डाक सेवा द्वारा स्पीड पोस्ट के माध्यम से अपनों तक राखी पहुंचाने और बच्चों को इस परंपरा से जोड़ने का प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आधुनिक औद्योगिकीकरण और डिजिटल युग में, जहां अधिकांश युवा केवल ऑनलाइन माध्यमों तक सीमित हो गए हैं, ऐसे में डाक विभाग की यह पहल भारतीय संस्कृति और भावनात्मक रिश्तों को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का अधिक से अधिक आयोजन होना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी पत्र लेखन, डाक सेवा और रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहारों के सांस्कृतिक एवं भावनात्मक महत्व को समझ सके। उनके अनुसार, बहनों द्वारा अपने भाइयों को पत्र और राखी भेजने की परंपरा केवल एक रस्म नहीं, बल्कि प्रेम, अपनापन और विश्वास का प्रतीक है।
प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों से रक्षाबंधन प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें भारतीय परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से भी जोड़ते हैं।
