जमशेदपुर भारतीय डाक विभाग द्वारा रक्षाबंधन के पावन पर्व पर विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और डाक सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डाक विभाग के प्रतिनिधियों ने टेल्को स्थित गुलमोहर हाई स्कूल की प्रिंसिपल एवं CISCE जोनल कॉर्डिनेटर श्रीमती प्रीति सिन्हा से मुलाकात की। इस दौरान विद्यालय में रक्षाबंधन राखी मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित करने का अनुरोध किया गया।
श्रीमती प्रीति सिन्हा ने भारतीय डाक विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल युग में, जब अधिकांश संवाद ऑनलाइन माध्यमों तक सीमित हो गए हैं, ऐसे समय में बच्चों द्वारा अपने हाथों से राखी बनाकर डाक के माध्यम से भेजना भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और भारतीय परंपराओं को फिर से जीवंत करने का एक सराहनीय प्रयास है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देती हैं। साथ ही बच्चों को भारतीय डाक सेवा के महत्व और उसकी ऐतिहासिक भूमिका से भी परिचित कराती हैं।
प्रिंसिपल ने विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और पारंपरिक त्योहारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भारतीय डाक विभाग की इस पहल का विद्यालय प्रबंधन ने स्वागत करते हुए भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में सहयोग का भरोसा जताया।
