जमशेदपुर भारतीय डाक विभाग (जमशेदपुर एवं बिष्टुपुर डाकघर) द्वारा बच्चों को भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और डाक सेवाओं के महत्व से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही रक्षाबंधन प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में ADSL सनशाइन स्कूल, कदमा में प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान स्कूल के रिलेशनशिप मैनेजर उमा शंकर प्रसाद एवं उज्ज्वल दास गुप्ता ने विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती मंजू सिंह से शिष्टाचार मुलाकात कर प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी और भारतीय डाक विभाग की ओर से जारी आधिकारिक पत्र भी सौंपा।
इस अवसर पर प्रिंसिपल मंजू सिंह ने वीडियो संदेश के माध्यम से भारतीय डाक विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक जुड़ाव का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करने का बेहतर माध्यम बनते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की कि वे प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने हाथों से बनाई गई हैंडमेड राखियों के माध्यम से रक्षाबंधन के पर्व को और अधिक अर्थपूर्ण बनाएं। साथ ही उन्होंने भारतीय डाक विभाग के इस प्रयास को नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं और डाक सेवाओं से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।
विद्यालय प्रबंधन ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन में हरसंभव सहयोग का भरोसा जताया।
