श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल ने रक्षाबंधन प्रतियोगिता का किया स्वागत

जमशेदपुर भारतीय डाक विभाग द्वारा रक्षाबंधन के पावन पर्व पर विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और डाक सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही राखी मेकिंग प्रतियोगिता के तहत बिष्टुपुर स्थित श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती पूर्णिमा त्रिपाठी से शिष्टाचार मुलाकात की गई। इस दौरान उन्हें प्रतियोगिता की रूपरेखा और उद्देश्य की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रिंसिपल पूर्णिमा त्रिपाठी ने भारतीय डाक विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालयों में नृत्य, कविता, वाद-विवाद और अन्य कई प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं, लेकिन यह प्रतियोगिता सबसे अलग है क्योंकि यह बच्चों को उनके मूल रिश्तों, भावनाओं और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य करती है।

उन्होंने कहा कि अपने हाथों से राखी बनाकर भाई या देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों को भेजना केवल एक रचनात्मक गतिविधि नहीं, बल्कि प्रेम, अपनापन, सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। इससे बच्चों में संवेदनशीलता, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास होगा।

श्रीमती त्रिपाठी ने विश्वास जताया कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने के साथ-साथ भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान भी विकसित करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने और अपने हाथों से बनाई गई राखियों के माध्यम से रिश्तों की मिठास और देशप्रेम का संदेश देने की अपील की।

विद्यालय प्रबंधन ने भी भारतीय डाक विभाग की इस पहल को समाज, संस्कृति और राष्ट्रहित से जुड़ा एक प्रेरणादायक प्रयास बताते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।