जमशेदपुर भारतीय डाक विभाग द्वारा रक्षाबंधन के पावन पर्व पर विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, पारंपरिक मूल्यों और डाक सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत जे.एच. तारापोर स्कूल, धातकीडीह की आदरणीय प्रधानाचार्या श्रीमती लता शरत से शिष्टाचार मुलाकात की गई। इस दौरान विद्यालय में रक्षाबंधन प्रतियोगिता आयोजित करने का विनम्र अनुरोध किया गया।
बैठक के दौरान प्रतियोगिता के उद्देश्य और इसकी रूपरेखा पर सकारात्मक चर्चा हुई। प्राचार्या को बताया गया कि इस पहल का मकसद विद्यार्थियों को रक्षाबंधन पर्व के सांस्कृतिक, सामाजिक और भावनात्मक महत्व से परिचित कराना है, साथ ही उन्हें अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है।
इस अवसर पर विद्यालय में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को हस्तनिर्मित राखियां तैयार करने, भारतीय परंपराओं को समझने और रचनात्मक गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
भारतीय डाक विभाग की यह पहल बच्चों को अपनी संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ डाक सेवाओं के महत्व से भी परिचित कराने का प्रयास है। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल को सकारात्मक बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।
