जमशेदपुर भारतीय डाक विभाग द्वारा रक्षाबंधन के पावन पर्व पर विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही रक्षाबंधन प्रतियोगिता के तहत बिष्टुपुर स्थित लोयला स्कूल के आदरणीय प्राचार्य फादर विनोद फर्नांडिस से शिष्टाचार मुलाकात की गई। इस दौरान विद्यालय में प्रतियोगिता आयोजित करने का अनुरोध किया गया।
फादर विनोद फर्नांडिस ने भारतीय डाक विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता बच्चों में आपसी प्रेम, भाईचारे, सहयोग और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विशेष रूप से इस बात की सराहना की कि प्रतियोगिता में बच्चों द्वारा अपने हाथों से बनाई गई हैंडमेड राखियां देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों को भेजी जाएंगी।भ उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों में राष्ट्रक्ति, कर्तव्यबोध और देश के रक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता की भावना विकसित करेगी।
फादर विनोद फर्नांडिस ने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के विद्यार्थी इस प्रतियोगिता में पूरे उत्साह के साथ भाग लेंगे और अपने सृजनात्मक प्रयासों के माध्यम से सैनिकों तक प्रेम, सम्मान और शुभकामनाओं का संदेश पहुंचाएंगे।
भारतीय डाक विभाग की इस पहल को विद्यालय प्रबंधन ने सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम बताते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
