नगर निकाय कर्मियों की मांगों को लेकर 30 जुलाई से जारी सफाई कर्मियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई। कर्मचारी संगठनों और नगर निगम प्रशासन के बीच हुई वार्ता के बाद कर्मियों ने काम पर लौटने का फैसला किया है। हड़ताल खत्म होने से शहर की सफाई व्यवस्था भी सामान्य होने की उम्मीद है।
बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ और बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले दैनिक सफाई कर्मी, संविदा कर्मी और स्थायी कर्मचारी तीन सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। इस दौरान कर्मचारी नेताओं ने नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश, उप नगर आयुक्त विभूति कुमार और स्वच्छता पदाधिकारी विवेक कुमार से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं।
कर्मचारी महासंघ के सम्मानित अध्यक्ष जीवछ पासवान, अध्यक्ष राजकुमार राम, सचिव परवेज आलम और उप सचिव प्रमोद राम ने तीन सूत्री मांगों के साथ स्थानीय कर्मचारियों से संबंधित पूर्व में सौंपे गए मांगपत्र पर भी चर्चा की। साथ ही अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान कर्मचारी नेताओं पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी गई।
वार्ता के बाद कर्मचारियों को वेतन सीधे उनके बैंक खातों में दिए जाने और पहली बार बोनस का लाभ मिलने की बात सामने आई। प्रशासन और कर्मचारी संगठनों के बीच सहमति बनने के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई और सफाई कर्मी अपने काम पर लौट आए।
