पथरी घाट में चंद्रावत नदी में नहाने गया युवक तेज धारा में बहा, लापता

बेतिया के पथरी घाट स्थित चंद्रावत नदी में शुक्रवार को नहाने गया एक युवक तेज धारा की चपेट में आकर बह गया और लापता हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। लापता युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक एसडीआरएफ की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी।

एसडीआरएफ टीम के पहुंचने में हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द रेस्क्यू अभियान शुरू कर लापता युवक की तलाश करने की मांग की।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और युवक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।