अररिया में उद्योग विभाग के महाप्रबंधक 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। ताजा मामले में अररिया जिले के उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई के बाद विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया है।

निगरानी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मशीन आपूर्तिकर्ता कमरे आलम ने महाप्रबंधक द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 17 लाख रुपये की मशीन आपूर्ति के भुगतान और संबंधित प्रक्रिया के बदले 5 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन किया। आरोप सही पाए जाने पर विभाग ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद विशेष टीम ने जाल बिछाकर महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी विभाग के डीएसपी ने बताया कि आरोपी अधिकारी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। गिरफ्तारी के बाद संबंधित विभाग में भी हलचल तेज हो गई है।

बिहार में हाल के दिनों में निगरानी विभाग द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाइयों को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी मुहिम के रूप में देखा जा रहा है।