होटल में बदमाशों ने की गोलीबारी, चाय पी रहा ग्राहक जख्मी; पटना रेफर

हिलसा शहर के पश्चिमी बाईपास स्थित एक होटल में रविवार की शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने अचानक गोलीबारी कर दी। घटना में होटल में बैठकर चाय पी रहे एक युवक के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।

घायल की पहचान एकंगरसराय थाना क्षेत्र के कोशियावां गांव निवासी अवधेश प्रसाद के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। घटना के समय विकास कुमार होटल में अन्य लोगों के साथ बैठकर चाय पी रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी पर सवार तीन युवक होटल के पास पहुंचे और वहां गाली-गलौज करने लगे। कुछ ही देर बाद उनमें से एक ने गोली चला दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही होटल में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान एक गोली विकास कुमार के बाएं पैर में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।