IIT-ISM धनबाद में सावन महोत्सव, गीत-संगीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के दीप्ति लेडीज क्लब की ओर से शनिवार शाम सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मैनेजमेंट डिपार्टमेंट ऑडिटोरियम में शाम 5:30 बजे किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप्ति लेडीज क्लब की अध्यक्ष शकुंतला मिश्रा ने किया।

सावन की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में गीत, संगीत और नृत्य की कई आकर्षक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के बाद गणेश आरती से हुई। इसके बाद गणेश वंदना और शिव स्तुति पर नृत्य प्रस्तुति दी गई।

गीत-संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां

सावन महोत्सव के दौरान विभिन्न ग्रुप डांस, ग्रुप सॉन्ग और सोलो डांस की प्रस्तुतियां दी गईं। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए सावन की खुशियों और भारतीय संस्कृति की खूबसूरती को मंच पर जीवंत किया।

कार्यक्रम में सावन मेडली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें सावन से जुड़े गीतों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया।

हरे रंग की ड्रेस में नजर आईं महिलाएं

सावन के उत्साह को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में महिलाओं के लिए हरे रंग की ड्रेस कोड रखी गई थी। हरे परिधानों में सजी महिलाओं की मौजूदगी से पूरा ऑडिटोरियम सावन के रंग में रंगा नजर आया।

दीप्ति लेडीज क्लब की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक साथ जोड़ना और सावन के पारंपरिक उत्सव को उत्साह के साथ मनाना रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने गीत-संगीत और नृत्य के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सावन महोत्सव में मौजूद लोगों ने कार्यक्रम की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और आयोजन की सराहना की। आयोजन ने आईआईटी (आईएसएम) धनबाद परिसर में सावन की उमंग और उत्सव का माहौल बना दिया।