धनबाद पुलिस को अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। धनसार थाना क्षेत्र में आधी रात गश्ती के दौरान पुलिस ने दो बाइक पर सवार छह संदिग्ध युवकों को पीछा कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक युवक के पास से देशी कट्टा और दूसरे के पास से जिंदा गोली बरामद हुई। जांच के दौरान एक बाइक के चोरी की होने की बात भी सामने आई है।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हथियार उपलब्ध कराने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में कुल सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गश्ती के दौरान पुलिस ने घेरा
पुलिस के अनुसार, धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड़ इलाके में रविवार की देर रात पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो बाइक पर सवार छह युवक संदिग्ध परिस्थितियों में नजर आए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा कर सभी संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर एक आरोपी के पास से देशी कट्टा और दूसरे के पास से जिंदा गोली बरामद हुई।
पूछताछ में हथियार सप्लायर का खुलासा
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की तो हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हथियार सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान एक बाइक के चोरी की होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
सिटी एसपी ने दी मामले की जानकारी
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गश्ती के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध युवकों को पकड़ा और तलाशी में हथियार व जिंदा गोली बरामद की गई। पूछताछ के बाद हथियार सप्लायर को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद हथियार और चोरी की बाइक का इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में किया गया था या नहीं।
इस कार्रवाई को धनबाद पुलिस की अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।
