शिकारपुर थाना में तैनात एएसआई उपेंद्र विद्यार्थी को निगरानी विभाग की टीम ने सोमवार को चार हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी नरकटियागंज के हाईस्कूल चौक के पास से की गई।
जानकारी के मुताबिक, हरदी टेढ़ा निवासी अमृत कुमार ने निगरानी विभाग में शिकायत की थी कि विद्युत चोरी के एक मामले में मदद करने के नाम पर एएसआई उपेंद्र विद्यार्थी द्वारा चार हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
सोमवार को निगरानी विभाग की टीम ने हाईस्कूल चौक के पास एएसआई को चार हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी एएसआई को अपने साथ ले गई और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
निगरानी विभाग के डीएसपी सतीश माधव के अनुसार, शिकायत के सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
