जिले के नवगछिया अनुमंडल के खरीक प्रखंड के राघोपुर गांव में देर रात करीब 2:30 बजे बांध टूटने से इलाके में बाढ़ का पानी तेजी से फैल गया। देखते ही देखते गांव के कई हिस्सों में पानी भर गया, जिससे लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बांध टूटने से बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल का आवास भी बाढ़ के पानी की चपेट में आ गया। घर और आसपास के इलाकों में पानी भरने के बाद स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल मौके पर पहुंचे और बांध कटाव का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद भागलपुर की डीएम अलंकृता पांडे भी बाढ़ से संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने बताया कि तेज धारा के कारण कटाव हुआ, जिससे बाढ़ का पानी गांव में प्रवेश कर गया। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और अन्य आवश्यक राहत कार्य भी किए जाएंगे।
