मुनमुन भट्टाचार्य के इस चयन से धनबाद समेत पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर समाजसेवी एवं पूर्व बियाडा अध्यक्ष तथा धनबाद तीरंदाजी संघ के जिला अध्यक्ष विजय झा ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने मुनमुन भट्टाचार्य को अंगवस्त्र और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विजय झा ने कहा कि मुनमुन भट्टाचार्य ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। उनका यह सम्मान न केवल शिक्षकों के लिए प्रेरणा है, बल्कि विद्यार्थियों और समाज के लिए भी गर्व का विषय है।
गौरतलब है कि इस वर्ष देशभर के विभिन्न राज्यों से कुल 48 शिक्षकों का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए किया गया है। इनमें झारखंड से मुनमुन भट्टाचार्य का नाम शामिल होना राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
मुनमुन भट्टाचार्य ने अपने विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ कई नवाचारों को सफलतापूर्वक लागू किया है। उन्होंने जल संरक्षण, पीएम पोषण योजना के प्रभावी संचालन, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और विद्यालय के समग्र विकास के लिए विशेष पहल की है। उनके प्रयासों से विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण बेहतर हुआ है और छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिला है।
स्थानीय लोगों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। उनका मानना है कि यह सम्मान न केवल मुनमुन भट्टाचार्य के कार्यों की पहचान है, बल्कि राज्य के अन्य शिक्षकों को भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
शिक्षक दिवस पर मिलने वाला यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण, नवाचार और उत्कृष्ट कार्यशैली का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान माना जा रहा है।
