नया बाजार सार्वजनिक दुर्गोत्सव कमेटी की वार्षिक बैठक बैंक मोड़ स्थित नगर निगम परिसर में आयोजित की गई। बैठक में पूजा समिति के आय-व्यय का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया। साथ ही पुरानी कमेटी को भंग कर सर्वसम्मति से नई आयोजन समिति का गठन किया गया।
बैठक में इस वर्ष दुर्गापूजा को भव्य, आकर्षक और श्रद्धापूर्ण तरीके से आयोजित करने का संकल्प लिया गया। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों और संरक्षकों की जिम्मेदारियां तय की गईं।
नई आयोजन समिति में महापौर संजीव सिंह, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, रमेश गुटगुटिया, मनोज भासोटिया, शांति देवी शमी, प्रदीप संथालिया, डॉ. समीर बनर्जी, राजनारायण तिवारी एवं भजन सिंह को संरक्षक बनाया गया है।
समिति में राम कुमार अग्रवाल को अध्यक्ष, राजेश्वर सिंह यादव को सचिव तथा शिवकुमार यादव और संजयानंद गोस्वामी को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए। बैठक में मौजूद सदस्यों ने दुर्गोत्सव को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त सचिव राजेश्वर सिंह यादव ने कहा कि इस वर्ष दुर्गोत्सव को पहले से अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाया जाएगा। पूजा पंडाल, सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लोगों को यादगार अनुभव मिल सके।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने दुर्गापूजा के सफल आयोजन के लिए सहयोग और समर्पण के साथ कार्य करने का भरोसा जताया।
