रेलवे का कोच अटेंडेंट करता था बिहार में शराब तस्करी, बलिया जीआरपी ने किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बलिया रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में गरीब नवाज एक्सप्रेस के एक कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दो दर्जन से अधिक शराब की बोतलें बरामद की गई हैं।

जीआरपी पुलिस के अनुसार आरोपी उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार ले जाता था और वहां ऊंची कीमतों पर उसकी बिक्री करता था। बिहार में लागू शराबबंदी का फायदा उठाकर वह कथित तौर पर अवैध कारोबार से मुनाफा कमा रहा था।

पुलिस ने बताया कि बलिया रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। तलाशी लेने पर उसके पिट्ठू बैग से दो दर्जन से अधिक शराब की बोतलें बरामद हुईं।

गिरफ्तार आरोपी गरीब नवाज एक्सप्रेस में कोच अटेंडेंट के रूप में कार्यरत बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।