बेटी के जन्म पर माता-पिता को मिलेगा बधाई पत्र, PHC हरनाटांड़ में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की नई पहल

जिले के बगहा क्षेत्र में बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करने और समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में एक नई पहल शुरू की गई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) हरनाटांड़ में सोमवार से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत नवजात बेटियों के माता-पिता को सम्मानित करने की पहल शुरू हुई है।

इस पहल के तहत अस्पताल में बेटी के जन्म पर उसके माता-पिता को बधाई पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड़ के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. केबीएन सिंह ने की। इस मौके पर वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा समेत स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बेटी के जन्म को लेकर परिवार और समाज में सकारात्मक संदेश देना है। उन्होंने कहा कि बेटियों को लेकर लोगों की सोच में बदलाव लाने के लिए इस तरह के प्रयास जरूरी हैं। बेटी के जन्म पर परिवार को बधाई पत्र देकर न सिर्फ माता-पिता का उत्साह बढ़ाया जाएगा, बल्कि समाज में बेटियों के सम्मान और उनके महत्व का संदेश भी दिया जाएगा।

बताया गया कि यह पहल पीएचसी हरनाटांड़ के साथ-साथ शहरी पीएचसी बगहा-2 में भी लागू की जाएगी। इन स्वास्थ्य केंद्रों में बेटी को जन्म देने वाले माता-पिता को बधाई पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग की इस पहल को बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अभियान के माध्यम से लोगों को बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और समान अधिकार के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस पहल से समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को और मजबूती मिलेगी।