अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्यों ने अपने पुराने साथी और वरिष्ठ पूर्व सैनिक से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनके सुख-दुख को साझा किया। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने सरकारी योजना का लाभ दिलाने में भी सहयोग किया।
समस्तीपुर जिला सूबेदार हरि नंदन रॉय के नेतृत्व में वरिष्ठ पूर्व सैनिक शंकर महतो, जितेंद्र झा, उमेश कुमार शाह, संजय शर्मा समेत अन्य सदस्य दलसिंहसराय प्रखंड अंतर्गत गढ़ों बाजिदपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने वरिष्ठ पूर्व सैनिक सूबेदार विश्वनाथ झा से मुलाकात की। बताया गया कि सूबेदार विश्वनाथ झा लंबे समय से घुटने की बीमारी से परेशान हैं।
पूर्व सैनिकों ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके साथ समय बिताकर उनकी परेशानियों को सुना। इस दौरान सभी ने पुराने दिनों की यादें साझा कीं और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुलाकात के दौरान बिहार सरकार की वयोवृद्ध सम्मान योजना के तहत 80 वर्ष से अधिक उम्र के पूर्व सैनिकों को मिलने वाली एकमुश्त 24 हजार रुपये की सम्मान राशि का लाभ दिलाने की दिशा में भी पहल की गई। इसके लिए वरिष्ठ पूर्व सैनिक से आवेदन पत्र पर हस्ताक्षर कराया गया।
पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्यों ने बताया कि आवेदन पत्र को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में जमा कराया जाएगा, ताकि पात्र वरिष्ठ पूर्व सैनिक को योजना के तहत मिलने वाली सम्मान राशि प्राप्त करने में मदद मिल सके।
इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। पूर्व सैनिकों ने कहा कि अपने साथियों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना संगठन की जिम्मेदारी है और जरूरतमंद पूर्व सैनिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
