आगामी शारदीय दुर्गा पूजा 2026 के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में आयोजन को लेकर पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति की प्रेस वार्ता आयोजित की गई। संवाददाता सम्मेलन समिति के अध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व भू-राजस्व मंत्री दुलाल भुइयां के आवासीय कार्यालय में संपन्न हुआ।
प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति जिले के दो अनुमंडलों और 11 प्रखंडों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले दुर्गा पूजा आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि समिति पिछले आठ वर्षों से जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर दुर्गा पूजा के दौरान बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रही है। पूजा के दौरान शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता बनाए रखना समिति की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
समिति की ओर से आगामी पूजा को लेकर प्रशासन, पूजा समितियों और स्थानीय लोगों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया। आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श के लिए 13 सितंबर को आम सभा आयोजित की जाएगी।
आम सभा में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पूजा आयोजकों और समिति के सदस्यों की भागीदारी होगी। बैठक में दुर्गा पूजा के सफल आयोजन, प्रशासनिक समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा किए जाने की संभावना है।
