बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा में गंडक नदी के तेज बहाव और पानी के दबाव के कारण चंपारण तटबंध ध्वस्त हो गया। बगहा के चखनी रजवटिया पंचायत में खैरटवा गांव के समीप सोमवार की देर शाम तटबंध टूटने के बाद आसपास के इलाकों में पानी घुसने लगा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति है।
तटबंध टूटने की सूचना मिलते ही अभियंताओं की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ भी जमा हो गई।
स्थानीय ग्रामीण लालबाबू यादव और इजहार सिद्दीकी के अनुसार, तटबंध टूटने के बाद गंडक नदी का पानी काफी तेज गति से रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि गंडक का पानी एनएच-727 को पार कर आसपास के दर्जनों गांवों की ओर बढ़ सकता है।
ग्रामीणों के मुताबिक चखनी रजवटिया गांव रविवार से ही गंडक नदी के बाढ़ के पानी से प्रभावित है। इसी बीच तटबंध टूटने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। निचले इलाकों में रहने वाले परिवार संभावित जलभराव को लेकर सतर्क हैं।
तटबंध टूटने के बाद प्रशासन और अभियंताओं की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों की मांग है कि पानी के बढ़ते दबाव को देखते हुए तत्काल बचाव एवं राहत कार्य तेज किया जाए, ताकि रिहायशी इलाकों में पानी के प्रवेश से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
