मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा के बयान पर भड़के जमशेद आदिल, सार्वजनिक माफी की मांग

बिहार सरकार के मंत्री और जदयू नेता भगवान सिंह कुशवाहा के यादव समाज को लेकर कथित बयान पर राजनीतिक प्रतिक्रिया तेज हो गई है। वारिसनगर विधानसभा क्षेत्र के मथुरापुर निवासी राजद नेता जमशेद आदिल ने मंत्री के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है।

जमशेद आदिल ने कथित टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि किसी भी जाति या समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यादव समाज का बिहार और देश के सामाजिक, कृषि, शिक्षा, खेल और राजनीतिक क्षेत्रों में लंबे समय से योगदान रहा है।

जमशेद आदिल ने कहा कि बिहार सामाजिक भाईचारे और विविधता के लिए जाना जाता है। ऐसे में किसी भी समुदाय को लेकर दिए गए बयान से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। उन्होंने मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा से यादव समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। हालांकि, मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा के कथित बयान और इस पर उनकी ओर से दी गई प्रतिक्रिया का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।