राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान, 72 वाहनों से 3.90 लाख रुपये जुर्माना वसूला

जिला में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे अवैध एवं अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान एसडीएम धालभूम के नेतृत्व में डिमना चौक से बड़ाबांकी तक संचालित किया गया।

अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), डीएसपी ट्रैफिक, मोटरयान निरीक्षक (MVI), सड़क सुरक्षा टीम और पुलिस बल शामिल रहे। टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे नो-पार्किंग क्षेत्र और अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों की जांच की।

कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 72 वाहनों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई। इन वाहनों से कुल 3.90 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अधिकारियों ने वाहन चालकों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी। प्रशासन की ओर से बताया गया कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।