रोहतास और कैमूर में बिजली व्यवस्था के विस्तार के लिए 351.85 करोड़ की योजना मंजूर

बिहार कैबिनेट की बैठक में ऊर्जा विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर निर्णय लेते हुए रोहतास और कैमूर जिलों में बिजली व्यवस्था के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए ₹351.85 करोड़ की संशोधित लागत वाली योजना को मंजूरी दी गई।

इस योजना के तहत साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) के क्षेत्राधीन कैमूर एवं रोहतास जिलों की 177 बसावटों, जिनमें 132 गांव शामिल हैं, के 21,644 घरों को ग्रिड से विद्युतीकृत किया जाएगा। इसके लिए पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) के अंतर्गत योजना की संशोधित लागत ₹351.85 करोड़ स्वीकृत की गई है।

योजना के क्रियान्वयन से इन बसावटों और घरों को ग्रिड से जोड़कर बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। खासकर पहाड़ी एवं दूरदराज इलाकों में रहने वाले लोगों को बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने में इससे मदद मिलने की उम्मीद है।

सरकार के इस फैसले से रोहतास और कैमूर के ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में बिजली नेटवर्क के विस्तार के साथ विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में काम किया जाएगा।