लोजपा (रामविलास) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह गोविंदगंज विधायक राजू तिवारी मोतिहारी के सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेस वार्ता के दौरान बिना नाम लिए विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधा।
राजू तिवारी ने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता विधानसभा सत्र के दौरान विदेश भ्रमण पर चले जाते हैं और ट्वीट की राजनीति करते हैं, जबकि एनडीए के नेता जमीन पर उतरकर लोगों के बीच काम करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए काम करना जरूरी है।
राजू तिवारी ने कहा कि तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में बाढ़ की स्थिति के दौरान लोजपा (रामविलास) के नेता चिराग पासवान कई बार पहुंचे और लोगों का हालचाल लिया।
वहीं, उन्होंने एनडीए में किसी तरह की खींचतान से इनकार किया। राजू तिवारी ने विपक्षी खेमे पर तंज कसते हुए ‘एक अनार, सौ बीमार’ वाली स्थिति होने की बात कही।
