धनबाद की दिव्यांशी प्रकाश बनीं झारखंड स्टेट चैंपियन, जीता स्वर्ण पदक

योनैक्स-सनराइज झारखंड स्टेट मिनी एंड सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 में धनबाद की उभरती बैडमिंटन खिलाड़ी दिव्यांशी प्रकाश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। जमशेदपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिव्यांशी ने अपनी जोड़ीदार नंदिता गोपे के साथ अंडर-11 गर्ल्स डबल्स का खिताब जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

दिव्यांशी की इस उपलब्धि से धनबाद के बैडमिंटन जगत में खुशी का माहौल है। कम उम्र में राज्य स्तर पर चैंपियन बनने वाली दिव्यांशी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान उनकी फुर्ती, कोर्ट पर शानदार तालमेल, खेल की समझ और आक्रामक स्मैश ने सभी को प्रभावित किया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही दिव्यांशी प्रकाश ने रायपुर में आयोजित होने वाली नेशनल चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस सफलता को धनबाद के लिए भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

दिव्यांशी की सफलता पर खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और परिजनों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। अब उनकी नजर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करने पर है।