बिहार में 1,799 पदों पर दरोगा भर्ती परीक्षा का मेन्स रिजल्ट रद्द किए जाने के बाद अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन शुरू होने वाला है। नाराज अभ्यर्थी गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च कर घेराव की तैयारी में हैं।
अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को देखते हुए गांधी मैदान में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस की बड़ी संख्या में तैनाती के साथ रास्तों पर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है, ताकि प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका जा सके।
प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को मौके पर ही ट्रेनिंग और रिहर्सल कराया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी जवानों को भीड़ नियंत्रण और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस मैनुअल के अनुसार कार्रवाई के तरीके समझा रहे हैं।
वहीं, मौके पर कुछ पुलिसकर्मियों की लापरवाही भी सामने आई है। प्रशासन की ओर से प्रदर्शन के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है।
